विषाक्त मशरूम खाने से पांच लोग बीमार

Spread the love

उत्तरकाशी। भटवाड़ी विकासखंड में मानसून के दौरान विषाक्त मशरूम खाने से पांच लोग बीमार पड़ गए। सभी मरीजों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से सभी मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य है। इनमें से तीन मरीज अभी भी जिला अस्पताल में भर्ती हैं जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। जानकारी के अनुसार, भटवाड़ी ब्लॉक के क्यार्क गांव के तीन लोगों ने जंगल से लाए गए मशरूम का सेवन किया था। भोजन करने के कुछ समय बाद उन्हें उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी। परिजनों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं भटवाड़ी के मल्ला गांव के एक व्यक्ति और टिहरी गढ़वाल निवासी एक अन्य व्यक्ति भी विषाक्त मशरूम खाने के कारण बीमार हो गए। सभी का जिला अस्पताल में उपचार किया गया। अस्पताल में भर्ती मरीजों में 36 वर्षीय मुकेश बुटोला, 35 वर्षीय सतवीर सिंह राणा और 42 वर्षीय राकेश पंवार, तीनों निवासी क्यार्क (भटवाड़ी), 38 वर्षीय यशवीर निवासी मल्ला गांव व 35 वर्षीय अनिल सिंह निवासी टिहरी गढ़वाल शामिल हैं। चिकित्सकों ने लोगों से मानसून के मौसम में जंगलों में उगने वाले अज्ञात मशरूम का सेवन नहीं करने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कई जंगली मशरूम जहरीले होते हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *