ऋषिकेश। नीलकंठ महादेव मंदिर में वीकेंड के दौरान आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार और रविवार को दूर-दराज़ क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश द्वार और मार्गों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। नीलकंठ मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर भीड़ नियंत्रण, कतार व्यवस्था, यातायात संचालन तथा श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन का कार्य लगातार किया जा रहा है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता, पार्किंग और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। पुलिस कर्मी श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों से सुगमता के साथ मंदिर तक पहुंचाने और दर्शन के बाद सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने में जुटे हैं। प्रभावी प्रबंधन और पुलिस की सतत निगरानी के चलते भारी भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही। प्रशासन ने आगामी दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना जताते हुए सभी से सहयोग बनाए रखने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।