जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एलायंस ऑर्गेनाइजेशन की ओर से डेफोडिल्स पब्लिक इंटर कॉलेज में उत्तराखंड लोक सांस्कृतिक उत्सव एवं कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैप्टन (अप्रा) सतीश चंद्र जोशी और प्रीतम पुंडीर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद कलाकारों ने गढ़ वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। लोक गायक राकेंद्र रौथाण, लोक गायिका संगीता और शिवांगी ने ‘लाली हो पधानी लाली’ और ‘अल्या सारी पल्या सारी’ जैसे पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं लोक गायक राकेश ने ‘घस्यारी’ लोकगीत गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। कलाकारों ने पारंपरिक गीत ‘ओ भीना कसके जानु द्वारहटा’ पर लोकनृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम की अध्यक्ष माया राणा ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरूकता और अपनी विरासत के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।