श्रीनगर गढ़वाल()। एचएनबी गढ़वाल विवि ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अप्रैल से शुरू होगी। 1 मई तक आवेदन फार्म भरने की तिथि निर्धारित की गई है। छात्र समर्थ पोर्टल hnbguadm.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। गढ़वाल विवि के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने इस संदर्भ में नोटिफिकेशन जारी किया है। उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 12 मई से डाउनलोड किए जा सकेंगे जबकि परीक्षा 17 मई को होगी। विवि ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी पूर्व में जारी अधिसूचना के तहत आवेदन कर चुके हैं उन्हें पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। प्रवेश परीक्षा में सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत तथा आरक्षित वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा जहां उनके शोध प्रस्ताव और योग्यता का मूल्यांकन किया जाएगा। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 700 रुपये तथा एससी, एसटी एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 350 रुपये निर्धारित है। परीक्षा केंद्रों के लिए चार शहर श्रीनगर, टिहरी, देहरादून एवं दिल्ली निर्धारित किए गए हैं। विवि ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में आवेदन प्राप्त नहीं होते हैं तो विवि को उस केंद्र को निरस्त करने तथा संबंधित अभ्यर्थियों को अन्य केंद्र पर स्थानांतरित करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।
सम सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने का दिया अंतिम मौका: गढ़वाल विश्वविद्यालय ने सम सेमेस्टर 2025-26 के उन छात्र-छात्राओं को परीक्षा आवेदन फार्म भरने का एक मौका दिया है जो किसी कारणवश परीक्षा आवेदनपत्र भरने से वंचित रह गए थे। विवि की ओर से जारी सूचना के अनुसार ऐसे विद्यार्थियों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पोर्टल पुनः खोला जाएगा। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. जेएस चौहान ने बताया कि यह अवसर केवल तीन कार्य दिवसों के लिए दिया जा रहा है। छात्र-छात्राएं 21 अप्रैल प्रातः 10 बजे से 23 अप्रैल शमा 6 बजे तक विलंब शुल्क 1500 रुपये के साथ परीक्षा आवेदनपत्र भर सकेंगे। उन्होंने सभी संबंधित छात्रों से निर्धारित समय सीमा में आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की।