23 तक सड़क निर्माण पर कोई निर्णय नहीं हुआ तो करेंगे चक्काजाम

Spread the love

चमोली। चमोली जिले का सबसे दूरस्थ गांव डुमक आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। ऐसे में ग्रामीणों को आज भी 8 किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। शासन-प्रशासन के आश्वासनों के बाद भी सड़क निर्माण न होने पर ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि 23 अप्रैल तक सड़क निर्माण पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे चारधाम यात्रा के दौरान हेलंग में चक्का जाम करेंगे। ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में मुख्य सचिव से भेंटकर उन्हें समस्या बताई। उन्होंने कहा कि सैंजी लग्गा मैकोट-बेमरू-डुमक-कलगोठ (32 किमी) सड़क का कार्य भूस्खलन क्षेत्र का हवाला देकर स्यूंण में रोक दिया गया है। दिसंबर 2024 में एक माह के आंदोलन के बाद काम शुरू हुआ था लेकिन काम फिर बंद कर दिया गया। ऐसे में ग्रामीणों को आज भी करीब आठ किमी पैदल चलकर कलगोठ आना पड़ता है। वहां से गोपेश्वर आने के लिए सड़क मार्ग से दूरी करीब 80 किमी है। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव ने उन्हें मांग पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में युवक मंगल दल अध्यक्ष अनुरोध सनवाल व क्षेत्र पंचायत सदस्य विवेक रावत भी शामिल रहे।
बकाया भुगतान के लिए भेजा पत्र: उत्तराखंड ग्रामीण सड़क अभिकरण के मुख्य अभियंता की ओर से ग्राम्य विकास विभाग के अनु सचिव को इस मार्ग के बकाया भुगतान राशि जारी कराने के लिए पत्र भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि सैंली लग्गा मैकोट-बेमरू सड़क के लिए 2.75 करोड़ की धनराशि प्रस्तावित की गई है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने से कार्य की गति धीमी है। पत्र में लंबित देयताओं के लिए धनराशि जारी करने के लिए कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *