हरिद्वार। शहर में तीर्थ की मर्यादा भंग करने का मामला सामने आया है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में शराब के नशे में पहुंचे यूपी के चार युवकों ने जमकर हुड़दंग किया। आरोप है कि आरोपियों ने महिलाओं के साथ अभद्रता और राहगीरों से छेड़छाड़ भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण: मंगलवार देर रात उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से चार युवक हरकी पैड़ी क्षेत्र में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सभी शराब के नशे में धुत थे और बाजार व गंगा घाट पर उत्पात मचा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक राहगीरों और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। इस दौरान उनके लड़खड़ाते हुए चलने और हुड़दंग करने का वीडियो भी लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने युवकों को फटकार लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हरकी पैड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि एक युवक इतना नशे में था कि वह गंगा घाट से ठीक से बाहर भी नहीं निकल पा रहा था। तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में सख्त निगरानी बढ़ाने की मांग की है। हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि राजीव, विपिन, कपिल शर्मा और विकास, निवासी खालसा, खेकड़ा बागपत यूपी को गिरफ्तार कर उनका चालान किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में हुड़दंग और अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा के यात्री बताकर की थी वीडियो वायरल
जिन चार युवकों को हुड़दंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है इन्हें मंगलवार रात हरियाणा के यात्री बताकर वीडियो वायरल किया गया था, लेकिन जांच में सामने आया कि सभी युवक बागपत के निवासी थे। दरअसल, हरिद्वार में हरियाणा के यात्रियों को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद चल रहा है, जिसके बाद इस तरह के वीडियो लगातार वायरल किए जा रहे हैं।