300 फलदार पौधों का किया नि:शुल्क वितरण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Spread the love

सेवा संकल्प फाउंडेशन ने चलाया वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान
जयन्त प्र्रतिनिधि।
पौड़ी : पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा सोमवार को विकासखंड बीरोंखाल के नौगांव स्थित पंचायत भवन परिसर में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत नींबू, कटहल, लीची एवं अनार सहित लगभग 300 फलदार पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया। इस मौके पर जनसहभागिता के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्षा गीता धामी ने दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विधानसभा चौबट्टाखाल क्षेत्र में अभियान के शुभारंभ हेतु विधायक सतपाल महाराज के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि प्रकृति संरक्षण उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग रहा है। सुंदरलाल बहुगुणा, गौरा देवी तथा हरेला जैसे जनआंदोलनों और परंपराओं ने सदैव प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के नाम पर एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। आज लगाया गया पौधा भविष्य में समाज को स्वच्छ वातावरण, छाया एवं फल प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान संचालित कर रहा है। संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी से सावन मास में अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस मौके पर समाज कल्याण विभाग से नामित सदस्य प्रेम सिंह नेगी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रीगोड़ा, बद्री-केदार मंदिर समिति की सदस्य नीलम पुरी, ग्राम प्रधान नौगांव ओमपाल बिष्ट, सेवा संकल्प फाउंडेशन के प्रतिनिधि पवन सिंह, स्वयं सहायता समूह की ब्लॉक मिशन प्रबंधक सुषमा बिष्ट, ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप नेगी आदि मौजूद थे।

पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी ने वृक्षारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने सेवा संकल्प फाउंडेशन एवं श्रीमती गीता धामी द्वारा संचालित जनहितकारी एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों की सराहना की। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी रावत ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार एवं आजीविका से जोड़ने पर बल देते हुए गांवों में अधिक से अधिक फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *