जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पर्यटन नगरी लैंसडौन के गांधी चौक में आयोजित सिद्धि विनायक गणपति महोत्सव में क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत सम्मिलित हुए। उन्होंने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।

इस अवसर पर विधायक ने महोत्सव में उपस्थित श्रद्धालुओं से मुलाकात की और आयोजन के लिए समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। गणपति महोत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आरती में भाग लिया। अभ्युदय परिवार की संस्थापिका भावना वर्मा ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है। महोत्सव में अभ्युदय परिवार लैंसडौन का विशेष सहयोग रहा। आगामी कार्यक्रमों में भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं अन्य धार्मिक आयोजन होंगे।