उत्तरकाशी। गंगोत्री और यमुनोत्री में इस वर्ष आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दोनों धामों में श्रद्धालुओं की आमद ने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। इस यात्रा सीजन में कुल 18,90,752 श्रद्धालुओं ने मां गंगा और यमुना के दर्शन किए। इनमें गंगोत्री धाम में 10,06,463 और यमुनोत्री धाम में 8,84,289 श्रद्धालु पहुंचे। पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो दोनों धामों में यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली। वर्ष 2025 में दोनों धामों में कुल 14,02,886 श्रद्धालु पहुंचे थे। वर्ष 2024 में यह संख्या 15,30,028 और 2023 में 16,40,418 रही, जबकि 2022 में कुल 11,10,204 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इस वर्ष पिछले साल की तुलना में 4,87,866 अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। यह आंकड़ा दोनों धामों के प्रति बढ़ती धार्मिक आस्था को दर्शाता है। इधर, यात्रा सीजन के समापन के साथ कपाट बंद होने का क्रम भी शुरू हो गया है। मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर विधि-विधान के साथ गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को भैया दूज के पावन पर्व पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद कर दिए जाएंगे।