जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडौन के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में गढ़वाल राइफल्स के सैनिकों द्वारा उत्तराखंड की दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण पर्वत चोटी माउंट माना (7,274 मीटर) का आरोहरण कर तिरंगा फहराया।

बता दें कि 10 सितम्बर 2026 को एक साहसिक पर्वतारोहण अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में कुल 31 पर्वतारोहियों ने उत्साह एवं दृढ़ संकल्प के साथ भाग लिया। इस चुनौतीपूर्ण अभियान के दौरान पर्वतारोही दल ने माना क्षेत्र में कठिन पर्वतीय परिस्थितियों के बीच विभिन्न प्रशिक्षण एवं अभ्यास प्रक्रियाओं से गुजरते हुए शिखर आरोहण की तैयारी की। अत्यधिक ऊंचाई, कठिन भू-भाग एवं प्रतिकूल मौसम जैसी चुनौतियों का सामना करते हुए दल ने अदम्य साहस, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। अभियान के महत्वपूर्ण चरण में पर्वतारोही दल ने माउंट माना के मुख्य शिखर पर 25 सितम्बर 2026 सफलता पूर्वक पहुंचकर रेजिमेंटल ध्वज एवं राष्ट्रीय तिरंगा फहराया। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि गढ़वाल राइफल्स की वीरता, साहस, दृढ़ इच्छा शक्ति और उच्च पर्वतीय अभियानों में उत्कृष्ट क्षमता का प्रतीक है। इस अवसर पर सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल ने अभियान में भाग लेने वाले सभी पर्वतारोहियों को उनकी उल्लेखनीय सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि माउंट माना के शिखर पर राष्ट्रीय तिरंगा एवं रेजिमेंटल ध्वज फहराना पूरे रेजिमेंट के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने पर्वतारोही दल के साहस, समर्पण, अनुशासन एवं टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के सैनिकों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।