एनएच-534 की बदहाली पर पूर्व मंत्री ने जताई नाराजगी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर कौड़िया से दुगड्डा के बीच जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित विभाग से 15 दिन के भीतर मार्ग को गड्ढामुक्त करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय में सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो जनसहयोग से आंदोलन किया जाएगा।


पूर्व मंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे पाए। उन्होंने कहा कि कोटद्वार से दुगड्डा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब है। वर्षा के बाद सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। कई स्थानों पर वाहन चालकों को गड्ढों से बचने के लिए बेहद सावधानी से वाहन चलाना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को दूरभाष पर मार्ग की स्थिति से अवगत कराया और जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की। पूर्व मंत्री ने कहा कि एनएच-534 कोटद्वार और दुगड्डा को जोड़ने के साथ ही गढ़वाल के बड़े हिस्से को मैदानी क्षेत्रों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग पर प्रतिदिन स्थानीय लोगों के साथ यात्री, व्यापारी और पर्यटक भी आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से विकास को लेकर किए जा रहे दावों के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति चिंताजनक है। जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिन के भीतर मार्ग को गड्ढामुक्त नहीं किया गया तो जनसहयोग से आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *