कुंभीचौड़ में गुलदार की दहशत, वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वार्ड नंबर दो कुंभीचौड़ और आसपास के क्षेत्रों में गुलदार की सक्रियता से लोग दहशत में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई माह से क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही बनी हुई है, जिससे शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वार्डवासियों ने वन विभाग से गुलदार की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।


मंगलवार को पार्षद अनिल रावत के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने प्रभागीय वनाधिकारी गौरव शर्मा को ज्ञापन सौंपा। पार्षद ने बताया कि रामपुर, कुंभीचौड़ समेत आसपास के क्षेत्रों में गुलदार लगातार सक्रिय है। उन्होंने दावा किया कि गुलदार अब तक कई मवेशियों और सड़क पर घूमने वाले कुत्तों को अपना निवाला बना चुका है। उन्होंने कहा कि आबादी क्षेत्र में गुलदार की लगातार मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो गुलदार के हमले का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने के साथ आबादी क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की। वार्डवासियों ने गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम से नियमित पेट्रोलिंग कराने और ट्रैप कैमरे समेत अन्य निगरानी उपकरण लगाने की मांग भी की। उनका कहना है कि निगरानी बढ़ने से गुलदार की आवाजाही वाले स्थानों को चिन्हित करने में मदद मिलेगी। इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष देवव्रत नैथानी, डा. कमल रावत सहित अन्य वार्डवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *