जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय भरसार के कुलपति प्रो. बीपी भट्ट ने शुक्रवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों कुलपतियों के बीच विभिन्न अकादमिक मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

भेंट के दौरान प्रो. बीपी भट्ट ने गढ़वाल विश्वविद्यालय में अपने अध्ययनकाल की पुरानी यादें भी साझा कीं। कहा कि गढ़वाल विश्वविद्यालय से उनका पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने औद्यानिकी एवं वानिकी के क्षेत्र में दोनों विश्वविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय और शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। दोनों कुलपतियों ने औद्यानिकी, वानिकी, शोध एवं अन्य अकादमिक गतिविधियों में मिलकर कार्य करने तथा विद्यार्थियों और शोधार्थियों को इसका लाभ पहुंचाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। कहा कि दोनों संस्थानों के विशेषज्ञों और शिक्षकों के बीच सहयोग से शोध एवं नवाचार को नई दिशा दी जा सकती है। इस अवसर पर दोनों विश्वविद्यालयों के बीच भविष्य में अकादमिक सहयोग को और मजबूत करने पर भी सहमति व्यक्त की गई। इस मौके पर डीन पदोन्नति प्रो. मोहन सिंह पंवार, चौरास परिसर निदेशक प्रो. आरएस नेगी, मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार सहित आदि मौजूद थे।