जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के नवनियुक्त अधिशासी अभियंता (ईई) अरविंद मोहन सुयाल ने विश्वविद्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।

श्री सुयाल इससे पूर्व वर्ष 2017 से केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत थे। उनकी पहली नियुक्ति वर्ष 2011 में अवर अभियंता (जेई) के पद पर हुई थी। इससे पहले वह जेपी ग्रुप में परियोजना अभियंता के रूप में कार्य कर चुके हैं। श्री सुयाल ने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक तथा एमबीए की शैक्षणिक योग्यता प्राप्त की है। उल्लेखनीय है कि अधिशासी अभियंता के पद पर नियुक्ति के लिए गत 18 अगस्त को चयन समिति की बैठक आयोजित की गई थी। विश्वविद्यालय में अधिशासी अभियंता का कार्यभार ग्रहण करने पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं इंजीनियरिंग विंग के कर्मचारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. वाई.पी. रैवानी, डीन नियुक्ति एवं प्रोन्नति प्रो. एम.एस. पंवार सहित इंजीनियरिंग विंग के सभी कर्मचारी ने उन्हें बधाइयां व शुभकामनायें दी।