समूह गान राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : श्री सिद्धबली धाम कोटद्वार में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान द्वारा आयोजित जनपद पौड़ी की जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता 2026 में जनता इण्टर कॉलेज कमलपुर संगलाकोटी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं एकेश्वर ब्लॉक का नाम रोशन किया है। उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थान द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता 2026 का आयोजन हरिद्वार में किया जाना है।

विद्यालय की छात्राओं ने वरिष्ठ वर्ग समूह गान प्रतियोगिता में अद्वितीय प्रस्तुति देते हुए जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय की टीम का चयन राज्य स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ वर्ग संस्कृत नाटक प्रतियोगिता में भी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाते हुए जनपद स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय रावत ने इस गौरवशाली उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के मुख्य मार्गदर्शक शिक्षक सुधीर कुमार कोहली के कठिन परिश्रम, कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व की सराहना की। प्रधानाचार्य ने मुख्य मार्गदर्शक सुधीर कुमार कोहली, निहिल मोहन, सीमा भारतीय, श्रीमती अनीता, श्रीमती मनीषा, बिजय पाल आर्य, जीतेन्द्र कुमार सहित समस्त मार्गदर्शक अध्यापकों, अध्यापिकाओं तथा प्रतिभागी एवं सहयोगी छात्र-छात्राओं को बधाई दी।