संयुक्त निदेशक ने किया पीजी कॉलेज का निरीक्षण, हॉस्टल निर्माण की प्रगति परखी

Spread the love

विभागों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, प्राध्यापकों से जानी समस्याएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उच्च शिक्षा क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून की संयुक्त निदेशक प्रो. संगीता गुप्ता ने शुक्रवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ परिसर में निर्माणाधीन हॉस्टल की प्रगति भी परखी। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और इसे निर्धारित समय पर पूरा करने पर जोर दिया।


निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक ने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों में पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों से संवाद कर विभागों के संचालन में आ रही समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, अध्ययन-अध्यापन के वातावरण को बेहतर बनाने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। संयुक्त निदेशक ने महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन हॉस्टल का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा महाविद्यालय के मुख्य कार्यालय, पुस्तकालय और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का भी अवलोकन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी ने संयुक्त निदेशक को संस्थान की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों और विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं से अवगत कराया। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनीता धस्माना और जयबीर सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *