नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस की कार्रवाई, दो वाहन सीज

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस का चेकिंग अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान स्कूल आने-जाने के लिए दोपहिया वाहन चलाने वाले नाबालिगों के दो वाहन सीज किए गए, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले आठ वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।


शुक्रवार को पुलिस ने स्कूलों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों के साथ ही शहर के विभिन्न चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों और यातायात नियमों के पालन की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को सीज किया गया। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में उनके अभिभावकों की काउंसलिंग भी की जा रही है, ताकि उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *