स्वरोजगार से जुड़ने के लिए युवाओं को किया प्रेरित, 20 स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत

Spread the love

जिला उद्योग केंद्र में सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज कार्यशाला आयोजित, 55 युवाओं ने किया प्रतिभाग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए शुक्रवार को जिला उद्योग केंद्र में सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें युवाओं ने अपने नवाचारपूर्ण विचारों और व्यावसायिक प्रस्तावों को प्रस्तुत किया। निर्णायक दल ने स्टार्टअप आइडिया का मूल्यांकन कर युवाओं को उन्हें सफल उद्यम में बदलने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।


कार्यशाला में जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, घुड़दौड़ी, आईएचएमएस कोटद्वार और एनआईटी श्रीनगर के छात्र-छात्राओं सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में कुल 55 प्रतिभागी शामिल हुए, जबकि 20 समूहों ने अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए। कार्यशाला के दौरान निर्णायक दल ने युवाओं के विचारों का मूल्यांकन करते हुए उन्हें व्यावहारिक रूप देने के लिए मार्गदर्शन किया। साथ ही स्टार्टअप की संभावनाओं, इनक्यूबेशन प्रक्रिया और उद्यम स्थापित करने से जुड़े अवसरों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ स्वरोजगार के विकल्पों पर भी विचार करने और अपने नवाचारपूर्ण विचारों को व्यवसाय में बदलने के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग, प्रबंधक उपासना सिंह, सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय के सिरताज सिंह रांगड़, आईआईएम काशीपुर के प्रोजेक्ट लीड कपिल कुमार मौर्य, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से तनुज पुंडीर तथा उद्यमी विवेक बनियाल, चमनलाल शर्मा और विवेक जदली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *