विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार को जिला बनाने की मांग एक बार फिर मुख्यमंत्री के समक्ष उठी है। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मोटर नगर में लंबे समय से लंबित मल्टीलेवल पार्किंग के गड्ढे का समाधान कराने का आग्रह किया। साथ ही नवनिर्मित बस अड्डे सहित विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री को कोटद्वार आने का निमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री आवास में हुई मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार गढ़वाल का प्रवेश द्वार होने के साथ ही महत्वपूर्ण भौगोलिक और प्रशासनिक केंद्र है। क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए कोटद्वार को जिला बनाया जाना आवश्यक है। इससे क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक सुविधाएं सुलभ होंगी और विभिन्न कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने मोटर नगर में लंबे समय से लंबित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने रखा। उन्होंने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति और इसके कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने कोटद्वार में नवनिर्मित बस अड्डे सहित पूर्ण हो चुकी विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण और प्रस्तावित योजनाओं के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।