वन्य प्राणी सप्ताह के तहत पनियाली अरण्य भवन में कार्यक्रम आयोजित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर पूर्व वन क्षेत्राधिकारी आरपी पंत को लैंसडौन वन प्रभाग की ओर से सम्मानित किया गया। वन्य प्राणी सप्ताह के तहत पनियाली स्थित अरण्य भवन में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से प्रकृति और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आगे आने की अपील की।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर शैलेंद्र रावत, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुमन कोटनाला, कोटद्वार रेंज के रेंजर विपिन चंद्र जोशी, कोटड़ी रेंज के रेंजर अनुराग जुयाल और दुगड्डा रेंज के रेंजर रमेश चंद्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए पूर्व वन क्षेत्राधिकारी आरपी पंत को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को पर्यावरण के महत्व और इसके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण के बिना धरती पर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। प्राकृतिक संसाधनों, वनों और वन्यजीवों का संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। इस अवसर पर कार्यशाला के तहत आयोजित रचनात्मक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त वन दरोगा धीरेंद्र सिंह, सूर्यप्रकाश, दीप्ति नेगी, बलविंदर और शंभवी राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।