जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लैंसडाउन और आसपास के प्रमुख प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाना रहा।
अभियान का नेतृत्व सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल ने किया। इस दौरान सेंटर एवं रिकॉड्र्स द गढ़वाल राइफल्स के सभी सैन्य अधिकारी, जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ), जवान तथा लगभग 400 अग्निवीरों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत जयहरीखाल, पुरानी चुंगी, हवामहल, झारापानी, खैबर पास, वेलकम गेट, डेराखाल बैंड और टिफिन टॉप सहित कई प्रमुख एवं सामरिक स्थलों पर सफाई की गई। अभियान के दौरान सैन्य कर्मियों और अग्निवीरों ने प्लास्टिक कचरा, सूखा कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर उनका वैज्ञानिक एवं उचित निस्तारण सुनिश्चित किया। इस अवसर पर सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने सभी सैनिकों और अग्निवीरों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। भारतीय सेना देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रही है।” इस अभियान के माध्यम से स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को भी स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।