बीरोंखाल में 4.48 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : चौबट्टाखाल विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को बीरोंखाल विकासखंड के दौरे के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने करीब 4.48 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात क्षेत्रवासियों को दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।
सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत आयोजित समारोह में मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 4.04 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले खलधार-ठंगा मोटर मार्ग का भूमि पूजन किया। इसके अलावा 44 लाख रुपये की लागत से डुलमोट, चंदेली, कदोला, तैलीपखोली और जाखणी ग्राम सभाओं में पंचायत भवनों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का शिलान्यास तथा लोकार्पण भी किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बीते पांच वर्षों में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाएं राज्य की प्रमुख उपलब्धियां हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली उफरैखाल-भत्पो-बूंगीधार-कमलिया वल्ला मोटर मार्ग को स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं सरायखेत-जोगीमणी मोटर मार्ग से कमलिया पल्ला तक वन भूमि से संबंधित अड़चनों को दूर कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। दौरे के दौरान मंत्री ने विकासखंड मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने भाजपा मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेते हुए संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, मंडल अध्यक्ष ओमपाल, जिला मंत्री बृजमोहन, जिला उपाध्यक्ष मैत्री प्रकाश, दलीप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *