बरसात ने बढ़ाई चुनौती, नदी में फंसे वाहन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मंगलवार को हुई वर्षा से चिल्लरखाल-लालढांग मार्ग के बीच बहने वाले बरसाती स्रोत उफान पर आ गए। तेज जलप्रवाह के कारण इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। सिगड्डी स्रोत में कई दोपहिया वाहन भी फंस गए थे। आसपास मौजूद लोगों ने एकजुट होकर इन वाहनों को नदी से बाहर निकाला।
स्थानीय जनता पिछले कई दशकों को लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण की मांग उठा रही है। इसके लिए बकायदा चिल्लरखाल वन चौकी के समीप आंदोलन भी चल रहा है। ऐसे में वर्षा ने अब इस मार्ग मार्ग पर आवागमन की चुनौतियों को बढ़ा दिया है। मंगलवार सुबह अचानक मार्ग के मध्य पड़ने वाले बरसाती रपटों का वेग बढ़ गया। ऐसे में कई घंटे तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। कई लोगों ने सिगड्डी स्रोत से जबरन अपने दोपहिया वाहनों को निकालने का प्रयास किया। लेकिन, उनके वाहन बीच नदी में ही फंस गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद इन वाहनों को नदी पार करवाई। वर्षाकाल में लोगों की नदी पार करने की जिद्द उनके जीवन पर भारी पड़ सकती है। स्थानीय लोगों ने कहा कि वह लगातार मार्ग निर्माण की मांग उठा रहे हैं। लेकिन, सिस्टम लापरवाह बना हुआ है। यदि इन स्रोतों व नदियों के बीच पुल बन जाते तो लोगों को आवागमन में परेशानी न होती। ऐसे में अब वर्षाकाल में भाबर क्षेत्र से लालढ़ाग वासियों का संपर्क पूरी तरह कट जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *