कारगिल शौर्य सम्मान दिवस पर वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मवाकोट स्थित एक बारातघर में 17 गौरव सैनानी समिति के तत्वावधान में कारगिल शौर्य सम्मान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी वीरांगनाओं तथा समाज और राष्ट्र सेवा में योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में बटालियन के एक अधिकारी, एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) और 19 जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए वीर सैनिकों का त्याग और समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा राष्ट्र उनके योगदान को कभी नहीं भुला सकता। समिति के अध्यक्ष कैप्टन जगदीश प्रसाद पोखरियाल ने शहीद मदन सिंह की पत्नी जीता देवी, शहीद सुरेंद्र सिंह की पत्नी दमयंती देवी, लता देवी, रोशनी देवी सहित अन्य वीरांगनाओं को सम्मानित किया। इसके अलावा 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पूर्व सैनिक श्रीधर प्रसाद केष्टवाल और मेहरबान सिंह गोरखा को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समिति के माध्यम से समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कैलाश बहुखंडी, पान सिंह चौहान और हितेंद्र सिंह को भी सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर सुधीर खंतवाल, पूजा देवी सहित समिति के सदस्य, पूर्व सैनिक और क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *