जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का कोटद्वार पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक कार, दो मोटर साइकिल और 13 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दिल्ली और उत्तर प्रदेश में दबिश दे रही है। गिरोह का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि दो जुलाई को गाड़ीघाट निवासी उमेश चंद बमोली ने तहरीर देकर बताया था कि गर्मी की छुट्टियों में परिवार सहित गांव जाने के दौरान उनके बंद मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद के इलायचीपुर निवासी मोहित, बरेली के उस्मानपुर निवासी कासिफ, दिल्ली के गौतमपुरी (उस्मानपुर) निवासी आसिफ और बदायूं जिले के निवासी आमिर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दिल्ली के उस्मानपुर निवासी आरिफ अभी फरार है। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि गाड़ीघाट से चोरी किए गए आभूषण उन्होंने मात्र 15 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 13 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
बाइक चोरी कर करते थे रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले कार से शहर में पहुंचते थे। इसके बाद वे मोटर साइकिल चोरी कर उसी से गली-मोहल्लों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। रात होने पर चिन्हित मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देते और पुलिस को भ्रमित करने के लिए चोरी की मोटर साइकिल को घटना स्थल के आसपास छोड़कर कार से फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हाल ही में ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वहां से चोरी की गई एक मोटर साइकिल भी पुलिस ने बरामद कर ली है।