जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : क्षेत्र की विभिन्न लंबित जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नागरिक मंच ने 18 जुलाई को तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मंच के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की जानकारी दी।
ज्ञापन में कहा गया कि कंडी रोड का निर्माण, मेडिकल कॉलेज की स्थापना, मोटर नगर का निर्माण और रेलवे स्टेशन के सुधारीकरण जैसी महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए नागरिक मंच की ओर से पूर्व में भी कई बार धरना-प्रदर्शन किए गए और शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि 18 जुलाई को तहसील परिसर में आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन के माध्यम से क्षेत्र की जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग जोरदार ढंग से उठाई जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी आंदोलन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।