जनकल्याण शिविर एवं तहसील दिवस में 140 से अधिक शिकायतों का निस्तारण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह’ के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड नारायणबगड़ के ब्लॉक सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर एवं तहसील दिवस का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनसामान्य की समस्याओं का समाधान, सरकारी योजनाओं का लाभ वितरण तथा विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। शिविर में प्राप्त 140 से अधिक शिकायतों एवं जनसमस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जीजीआईसी नारायणबगड़ की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए। शिविर में ग्राम पंचायत पैठाणी निवासी गंभीर सिंह पंवार ने बरसात के दौरान गधेरे से होने वाले कटाव एवं नुकसान से बचाव के लिए सुरक्षा कार्य कराए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करने तथा सिंचाई विभाग के माध्यम से आवश्यक सुरक्षा कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पैठाणी में विद्युत लाइन एवं केबल संबंधी समस्या पर अधिशासी अभियंता यूपीसीएल को आवश्यकतानुसार विद्युत लाइन का स्थानांतरण एवं लॉपिंग कार्य शीघ्र कराने को कहा। ग्राम प्रधान किमोली वीरेंद्र भण्डारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किमोली लिंक मोटर मार्ग के सुधार की मांग पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई को नंदा देवी राजजात के तहत प्रस्तावित करने तथा तत्काल क्षतिग्रस्त हिस्सों में पैचवर्क कर सड़क को सुगम बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि शासन-प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्ति किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में दर्जा मंत्री माधव सेमवाल, ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदौला, गणेश शाह, उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत, परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *