गोखले मार्ग साफ, अन्य मार्गों पर बढ़ी चुनौती

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कुछ माह पूर्व नगर निगम ने गोखले मार्ग पर सड़क किनारे सफेद पट्टी खींचकर अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी। मार्ग पर नजर रखने के लिए बाकायदा सीसीटीवी कैमरे तक लगाए गए हैं। निगम की इस सख्ती के बाद गोखले मार्ग की स्थिति तो सुधर गई। लेकिन, यहां से हटे रेहड़ी-ठेली व फड़ वालों ने अन्य स्थानों पर कब्जा जमा दिया है। सबसे बुरी स्थिति देवी रोड की बनी हुई है। बेतरतीब तरीके से खड़े रेहड़ी-ठेली के कारण हादसों का अंदेशा बना हुआ है।


अतिक्रमण को लेकर गोखले मार्ग दशकों से एक चुनौती बना हुआ था। मार्ग पूरी तरह रेहड़ी-ठेली व फड वाले के कब्जे में था। ऐसे में करीब दो माह पूर्व नगर निगम ने योजना तैयार की ओर गोखले मार्ग के दोनों ओर सफेद पट्टी खींच कर पट्टी के बाहर दुकान या रेहड़ी-ठेली लगाने वालों को कार्रवाई की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही निगम ने मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए। निगम अधिकारी अपने कार्यालय में बैठकर अतिक्रमण की पूरी स्थिति पर नजर रखते हैं। लेकिन, यहां से हटे रेहड़ी-ठेली वालों ने देवी रोड सहित अन्य मार्गों पर कब्जा जमा दिया है। पहले से ही अतिक्रमण का दंश झेल रहे देवी रोड में अब रेहड़ी-ठेली वाले भी चुनौती बन गए हैं। सुबह से शाम तक रेहड़ी-ठेली एक कतार में खड़ी रहती हैं। ऐसे में जहां मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है वहीं, अतिक्रमण के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

ऑटो व बेतरतीब खड़े वाहन भी चुनौती
देवी रोड में आटो चालकों की भी अवैध पार्किंग संचालित हो रही है। पनियाली गदेरे पर बनी पुलिया के समीप सड़क पर खड़े आटो हादसों को न्यौता दे रहे हैं। वहीं, मोटर नगर में भी आटो खड़े रहते हैं। साथ ही दुकान व बड़े-बड़े कांपलेक्स के बाहर खड़े दोपहिया वाहन भी चुनौती बने हुए हैं। हालत यह है कि व्यापारियों ने बड़े-बड़े कांपलेक्स तो खड़े कर दिए लेकिन, पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *