बेरोजगार युवाओं का उत्पीड़न कर रही सरकार
उत्तराखंड क्रांति दल ने भाबर क्षेत्र में निकाली जनसंवाद यात्रा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड जनसंवाद यात्रा निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर बेरोजगार युवाओं के उत्पीड़न का आरोप लगाया।
बुधवार को भाबर क्षेत्र के किशनपुरी में यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर उत्तराखंड क्राति दल के कार्यकारी केन्द्रीय अध्यक्ष डॉ.शक्ति शैल कपरवाण ने नौजवानों व जनता से अनुरोध किया कि इस प्रदर्शन में शामिल होकर आंदोलन को मजबूत बनाएं। इस दौरान राष्ट्रपति से मांग की कि प्रदेश सरकार को बर्खास्त किया जाए। उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लागू हो और जो राजनेता और अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उनके खिलाफ सीबीआई जांच की जाए। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में आज 22 सितंबर को सिडकुल गेट पर यूकेडी द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर राजकीय इंटर कालेज कलालघाटी की छात्राओं ने भी यात्रा में शिरकत की और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की अपील की।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक जग दीपक रावत, केंद्रीय महामंत्री महेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय संगठन मंत्री हरीश द्विवेदी, केंद्रीय प्रचार मंत्री श्रवण सिंह रावत, मदन सिंह बिष्ट और हयात सिंह सिंह गुसाईं सहित कई लोग मौजूद रहे।