उत्तराखंड

भर्ती घोटालों की सरकार कर रही निष्पक्ष जांच: महेंद्र

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

रुद्रप्रयाग। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का रुद्रप्रयाग आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। ढोल नगाड़ों के साथ मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं में नए अध्यक्ष को पगड़ी और माला पहनाते हुए स्वागत कर मुख्य बाजार में रोड शो निकाला। मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रुद्रप्रयाग पहुंचे महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। गुलाबराय स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से पार्टी अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने प्रदेश अध्यक्ष को फूल माला और पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जो प्यार और स्नेह रुद्रप्रयाग और चमोली की जनता से उन्हें मिला है, वह उसके लिए आजीवन आभारी रहेंगे। प्रदेश के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा सरकार हर वर्ग के विकास को लेकर त संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता का सम्मान है। छोटे से लेकर बड़े कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाती है। इस दौरान पत्रकारों के सवालों के जवाब में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की ओर बढ़ रहा है। फर्जी भर्तियों की जांच की जा रही है। कहा कि निष्पक्ष और गंभीरता से जांच चल रही है, किसी को कोई शिकायत का मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जांच की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार में कई घोटाले हुए हैं, उनकी भी जांच की जा रही है। सीएम धामी पूरी जांच करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच को लेकर गठित एसआईटी के अच्टे परिणाम आ रहे हैं। कैबिनेट विस्तार को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में सामूहिकता से निर्णय लिए जाते हैं। रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद को भी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। जल्द ही तीन नामों पर मुहर लगेगी। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को भी दायित्व बांटे जाएंगे। दायित्व बांटे जाने को लेकर मुख्यमंत्री के सामने इस विषय को रखा गया है। हरिद्वार पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा को जनता का भारी बहुमत मिलेगा। भाजपा के प्रति जनता का जो विश्वास बना है, वह जीत का परचम फहराएगा। रुद्रप्रयाग में अविश्वास आने के बाद खाली हुई जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के सीट के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर पिछली बार भी भाजपा का व्यक्ति था और फिर से भाजपा का ही जिला पंचायत अध्यक्ष बनेगा। इसके लिए रणनीति की जा रही है। इस मौके पर भाजपा के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!