श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केद्रीय विवि में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में सीयूईटी के आधार पर 18 अगस्त तक प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया संचालित होगी। इसके बाद नॉन डोमेन विषय (किसी खास स्ट्रीम साइंस, कॉमर्स या आट्र्स तक सीमित नहीं) में सीयूईटी प्रवेश परीक्षा देने वाले छात्रों के प्रवेश के लिए पंजीकरण पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद भी यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो छात्रों को 12वीं की मेरिट के आधार पर प्रवेश दिए जाएंगे।

गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला, पौड़ी एवं टिहरी परिसर सहित संबद्ध कॉलेजों में वर्तमान में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विवि के परिसरों में सीयूईटी प्रवेश परीक्षा में शामिल छात्र बड़ी संख्या में प्रवेश के लिए पहुंच रहे हैं। इसके लिए विवि की ओर से अलग-अलग चरणों में मेरिट लिस्ट जारी कर प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है। विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं का कहना है कि 18 अगस्त तक सीयूईटी की अंतिम मेरिट लिस्ट के आधार पर प्रवेश होंगे। सीयूईटी प्रवेश परीक्षा में बड़ी तादात में ऐसे भी छात्र शामिल हुए हैं, जिन्होंने नॉन डोमेन विषय भरकर प्रवेश परीक्षा दी है। ऐसे छात्रों को भी प्रवेश का मौका मिले इसके लिए 18 अगस्त के बाद इन छात्रों के लिए दो दिन के लिए प्रवेश पोर्टल खोला जाएगा। इनकी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी यदि सीटें रिक्त रहेंगी तो इन रिक्त सीटों पर प्रवेश 12वीं पास मेरिट के आधार पर दिए जाएंगे। (एजेंसी)
प्रवेश के लिए काउंसलिंग 12 अगस्त को
गढ़वाल विवि के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में एमसीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 12 अगस्त को काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। विवि की ओर से जारी सूचना के अनुसार यूईटी-2026 में प्रदर्शन के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया होगी। डीन स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी प्रो. एमएमएस रौथाण ने बताया कि वह अभ्यर्थी काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं जिन्होंने यूईटी-2026 में प्रतिभाग किया है और प्रवेश पोर्टल के माध्यम से पहले से पंजीकरण कराया है। रिपोर्टिंग एवं काउंसलिंग 12 अगस्त को सुबह 10.30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चौरास कैंपस स्थित कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में होगी।