ग्रामीणों ने एसडीएम को लौटाया
पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं होने तक जारी रहेगा आंदोलन
अल्मोड़ा। पानी के लिए पिछले सात दिनों से ब्लाक के ईड़ा गांव में चल रहा आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सहित जल निगम, जल संस्थान एवं लोनिवि के अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की वार्ता विफल हो गयी। आंदोलनकारियों ने कहा जब तक गांव में पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं होगी। तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इधर पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे लालीराम के स्वास्थ्य में गिरावट आने से प्रशासन ने उन्हें जबरन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। वहीं सोमवार को पिछले पांच दिन से अनशन कर रहे बिपिन आर्या, उमेश सिंह व भूपाल सिंह के साथ गांव के ही दीपक बिष्ट को भी माल्यापर्ण कर ग्रामीणों ने आमरण अनशन पर बैठाया। वहीं गांव की महिलाएं भी प्रतिदिन धरने पर बैठ रही हैं। जिसमें नेहा, कंचन, माधवी, हीरा देवी, धर्मा देवी, भागुली देवी, परूली देवी को भी माल्यापर्ण कर धरने पर बैठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन ग्रामीणों को लगातार गुमराह कर रहा है। इस बार जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी। आंदोलन जारी रहेगा। यहां जल निगम के आरके वर्मा, जल संस्थान के सुरेश ठाकुर, सुरेन्द्र सिंह रौतेला, आरपी डोभाल, एलएन जोशी सहित हेमन्त बिष्ट, मनोज रावत, गोपाल राम, राजेन्द्र सिंह, केशर सिंह, अजय बिष्ट, पवन बिष्ट आदि मौजूद रहे।
ग्रामीणों की समस्याओं के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। जल्द ही सभी समस्याओं का निराकरण कर लिया जायेगा। -आरके पांडेय, उपजिलाधिकारी द्वाराहाट।