पौड़ी में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति और एकता का दिया संदेश

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : गुरुवार को पौड़ी मुख्यालय में 79वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरूआत सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी सहित लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने संयुक्त रूप से की। यात्रा के दौरान हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में सभी ने सहभागिता निभाई और लोगों को देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।
सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान आज देश भर में चल रहा है। कहा कि बड़ी संख्या में लोग इसमें हिस्सा ले रहे हैं। देशभर में निकाली जा रही इस यात्रा का संदेश राष्ट्रीय एकता, समरसता और सद्भावना के तौर पर हर घर, हर शहर और गांव में जाएगा। तिरंगा यात्रा के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति नारों के जरिए स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन किया। तिरंगा यात्रा में सीडीओ पौड़ी गिरीश गुणवंत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और बारिश के बावजूद तिरंगा यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *