जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रखंड द्वारीखाल के च्वरा गांव में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुलदार आए दिन आबादी क्षेत्र के आसपास मंडरा रहा है और ग्रामीणों के मवेशियों को अपना निवाला बना रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग अपने मवेशियों को लेकर भी चिंतित हैं।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले दिनों गुलदार ने मनोज सिंह की गाय को मार डाला। इसके बाद से ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार लगातार आबादी क्षेत्र के आसपास दिखाई दे रहा है। ऐसे में किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव और आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा आबादी के नजदीक पिंजरा लगाने की मांग की है। ग्राम प्रधान प्रीति देवी ने भी वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने और गांव के समीप पिंजरा लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते गुलदार को पकड़ने के लिए कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में स्थिति गंभीर हो सकती है।