खेलकूद प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, 250 विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : न्याय पंचायत उतिच्छा, दुगड्डा की न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के करीब 250 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।


अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बल्ली के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिताओं का शुभारंभ पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश प्रसाद बेबनी ने किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य युगजीत चंद्र सेमवाल ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों के प्रति जागरूक करना और उनकी खेल प्रतिभा को सामने लाना है। प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में अंबिका रावत ने प्रथम, नैन्सी भंडारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ में जान्हवी ने प्रथम, नैन्सी ने द्वितीय और सिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। 1500 मीटर दौड़ में मानसी ने प्रथम और खुशी नेगी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 3000 मीटर दौड़ में जान्हवी ने प्रथम, मानसी ने द्वितीय और सुहानी ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर पूर्व पीटीए अध्यक्ष दरबान सिंह, सुषमा रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *