बच्ची की मौत पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, वन मंत्री के खिलाफ की नारेबाजी
पौड़ी,कोटद्वार। पौड़ी के खांड्यूंसैंड में गुलदार ने मंगलवार की शाम को करीब 6 बजे पांच वर्षीय मासूम आरुषि पुत्री कृष्ण कुमार को निवाला बना दिया। बच्ची की मौत के बाद क्षेत्र में शोक के साथ भारी आक्रोश है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग और शासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए वन मंत्री सुबोध उनियाल तथा मौके पर पहुंचे विधायक राजकुमार पोरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने वन मंत्री पौड़ी आओ के नारे लगाते हुए कहा कि पौड़ी जनपद में गुलदार के हमलों की लगातार घटनाएं हो रही हैं। कई परिवार इन घटनाओं से प्रभावित हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वन मंत्री ने अब तक पौड़ी पहुंचकर हालात का जायजा तक नहीं लिया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर पहाड़ के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा और वे कब तक जंगली जानवरों के खौफ में जीने को मजबूर रहेंगे। मौके पर पहुंचे विधायक राजकुमार पोरी को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने कहा कि केवल घटना के बाद आश्वासन देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और वन्यजीवों के आतंक पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है।इधर, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि गुलदार को आदमखोर घोषित करने के लिए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को पत्र भेज दिया गया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
सनेह क्षेत्र में गुलदार ने सात साल की बच्ची पर किया हमला
कोटद्वार, सनेह क्षेत्र में देर शाम गुलदार ने करीब छह से सात साल की बच्ची सान्वी पर हमला कर घायल कर दिया। बच्ची की गर्दन पर घाव हैं। सूचना मिलते ही पहुंचे लोगों ने बच्ची को बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल बच्ची को भर्ती किया जा रहा है।