जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड रिखणीखाल के अंतर्गत ग्राम अंगणी में गुरुवार सुबह जंगल में मवेशी चराने जा रहे एक बुजुर्ग पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार अंगणी निवासी मातवर सिंह चौहान (69 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय होशियार सिंह चौहान रोज की तरह सुबह करीब 9:15 बजे अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल जा रहे थे। बदनगदन तोक स्थित एक गुफानुमा स्थान पर पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में गुलदार के नाखून लगने से मातवर सिंह के कान, आंख के पास और गाल पर गहरे घाव हो गए। घायल मातवर सिंह और उनके साथ मौजूद राम सिंह आदि के शोर मचाने पर गुलदार झाड़ियों की ओर भाग गया। इसके बाद घायल किसी तरह अपने घर पहुंचे, जहां से उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल ले जाया गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पोखड़ा रेंज के वन विभाग के अधिकारियों को दे दी है। ग्रामीण तीर्थ सिंह चौहान, प्रदीप सिंह चौहान, सुनील सिंह चौहान, वीरेंद्र सिंह चौहान और मनवर सिंह चौहान ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अंगणी गांव तथा नुनेरा कुलानी क्षेत्र में गुलदार और भालू की सक्रियता लगातार बढ़ी है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, वन्यजीवों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने तथा घायल मातवर सिंह चौहान को नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।