जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद में जंगली जानवरों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे है। जंगली जानवर लगातार लोगों पर हमला कर रहे है। बीती शुक्रवार देर सांय कमंद गांव में गुलदार ने एक व्यक्ति को निवाला बना दिया। जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
गढ़वाल वन प्रभाग के पौड़ी रेंज नागदेव से सटे कमंद (थली गांव) में गुलदार ने मोहन चंद्र मलासी (65) को मार डाला। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को देर सांय को वे घर से महज सौ मीटर की दूरी पर चारापत्ती लेने गए थे। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो तीन घंटे खोजबीन करने के बाद घनी झाड़ियों के बीच उनका अधखाया शव मिला। ग्रामीणों ने झाड़ियों से शव निकाला और रात भर घटना स्थल पर बैठे रहे। इसी बीच सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।