जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कौड़िया में करोड़ों की लागत से बना नार्थ कार्बेट रिजार्ट पर गुलदार का कब्जा हो गया है। बुधवार दोपहर गुलदार रिजार्ट के दो मंजिला भवन की बाउंड्री पर बैठा हुआ दिखाई दिया। ऐसे में जहां लोग सरकारी सिस्टमी भवन के प्रति लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं, कौड़िया व दिल्ली फार्म के मध्य आवागमन करने वालों को भी खतरा बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से समस्या के निराकरण की मांग की है।
वर्ष 2015 में 14 करोड़ की लागत से जीएमवीएन की ओर से कार्बेट रिजार्ट का निर्माण करवाया गया था। लेकिन, उद्धाटन के बाद से यह रिजार्ट बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में अब यहां गुलदार ने अपना कब्जा जमाना शुरु कर दिया है। बुधवार को कौड़िया से दिल्ली फार्म के लिए जाने वाले राहगीरों ने रिजार्ट के दो-मंजिले छत की बाउंड्री में गुलदार को देखा। गुलदार काफी देर तक लोगों की ओर देखता रहा। लोगों ने बताया कि दिल्ली फार्म से कोटद्वार के लिए प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। रात के अंधेरे में भी लोगों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में अब लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया कि रिजार्ट के आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियों उगी हुई है। लगातार शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम इन झाड़ियों के कटान की सुध नहीं ले रहा।