गुलदार की धमक, पालतू कुत्ता घायल, ग्रामीणों में दहशत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि:
कोटद्वार : सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग में गुलदार की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार रात गुलदार ने एक बार फिर रिहायशी इलाके में घुसकर एक घर के आंगन में बंधे पालतू कुत्ते पर हमला कर उसे घायल कर दिया। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि इससे पहले 31 मई को इसी क्षेत्र में गुलदार ने रीना देवी पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। एक ही परिवार के घर के आसपास बार-बार गुलदार की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने प्रभारी डीएफओ तरुण एस से फोन पर वार्ता कर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रभारी डीएफओ तरूण एस ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। हालांकि, फिलहाल विभाग के पास गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा उपलब्ध नहीं है। वहीं, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने वन मंत्री सुबोध उनियाल से भी बातचीत कर कोटड़ीढांग, कालाबड़, शिवपुर और आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों से मानव जीवन पर मंडरा रहे खतरे तथा किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान से अवगत कराया। इस पर वन मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *