जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार नगर निगम के अंतर्गत कंचनपुरी (हल्दूखाता) में ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए चयनित भूमि का प्रशासन की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। उच्च न्यायालय के निर्देश पर प्रशासन की ओर से गठित टीम चयनित भूमि का निरीक्षण करने पहुंची थी।
बताते चलें कि कंचनपुरी (हल्दूखाता) में ट्रेचिंग ग्राउंड के लिए वन भूमि का चयन किया गया है। नगर निगम की ओर से ट्रेचिंग ग्राउंड निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए। इससे पूर्व, निर्माण कार्य शुरू होता, क्षेत्रीय जन ने ट्रेचिंग ग्राउंड निर्माण का विरोध शुरू कर दिया। एक ओर जहां क्षेत्रीय जन प्रस्तावित स्थल पर धरना-प्रदर्शन कर रहा है, वहीं क्षेत्रीय जन की ओर से इस संबंध में उच्च न्यायालय में वाद दायर किया गया है। बीती 22 जुलाई को दायर याचिका की सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने जिला प्रशासन को टीम गठित कर चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय जन की ओर दायर वाद में यह भी कहा गया है कि प्रस्तावित स्थल रत्नाल नदी से सटा हुआ है। न्यायालय ने जिला प्रशासन को यह भी निर्देश दिए कि प्रस्तावित स्थल की रत्नाल नदी से दूरी भी स्पष्ट करें। न्यायालय के आदेश पर उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने छ: सदस्यीय टीम का गठन किया। टीम में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, उप प्रभागीय वनाधिकारी, वन क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार के साथ ही मोटाढाक व हल्दूखाता के राजस्व उपनिरीक्षकों को शामिल किया गया है। नगर आयुक्त पीएल शाह, उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने चयनित स्थल का निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि टीम की ओर से जल्द निरीक्षण रिपोर्ट सौंप दी जाएगी, जिसे जिलाधिकारी को भेज दिया जाएगा।