ऋषिकेश। केदारनाथ रूट पर सोनप्रयाग के लिए अचानक सोमवार को यात्रियों की तादाद बढ़ गई। बस अड्डे और इंद्रमणि बड़ोनी चौक पर यात्रियों की भीड़ जुटने की जानकारी जैसे ही लोकल रोटेशन कार्यालय तक पहुंची तो फिर मार्ग पर 15 अतिरिक्त सेवाओं को दौड़ाया गया, जिसके बाद यात्रियों को राहत मिली। सुबह से ही बस अड्डे और दून मार्ग स्थित इंद्रमणि बड़ोनी चौक पर सोनप्रयाग के लिए यात्रियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। दोपहर होते-होते यात्रियों की भीड़ बढ़ी, तो रूट पर चलने वाली नियमित दस बस सेवाएं भी कम पड़ गई। बसों का टोटा होते ही सीटों के लिए मारामारी की स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद लोकल रोटेशन कार्यालय फौरन हरकत में आया। मार्ग पर 15 अतिरिक्त बसों को चलाया गया। बसें आते ही यात्रियों ने भी राहत की सांस ली। यातायात संघ के निवर्तमान अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने बताया कि केदारनाथ धाम के लिए युवा यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ने से यह दिक्क्त हुई। हालांकि, अतिरिक्त सेवाओं से इस समस्या को तत्काल दूर किया गया। बताया कि यह यात्री सिर्फ केदारनाथ जाने वाले थे। यात्री बढ़ने पर लोकल सवारियों को भी देखते हुए 15 अतिरिक्त बसें रूट पर चलाई गई हैं।