नारायणबगड़/जिलासू। बृहस्पतिवार रात को आई आंधी से लक्ष्मी नारायण मंदिर नारायणबगड़ में पीपल के पेड़ की टहनी टूटकर हनुमान मंदिर के ऊपर जा गिरी। इससे मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। मंदिर के पुजारी नारायण दत्त सती ने बताया कि हनुमान मंदिर के ऊपर टहनी गिरने से मंदिर को क्षति पहुंची है। उन्होंने बीकेटीसी से मंदिर की मरम्मत कराने की मांग की। वहीं बृहस्पतिवार रात हुई बारिश के बाद जिलासू-सरणा मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा सड़क पर आ गया। स्थानीय संतोष ने बताया कि उनके घर के नीचे की भूमि बारिश के कारण धंस रही है जिससे मकान को खतरा बना हुआ है। इस संबंध में छह जून को लोनिवि पोखरी को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की थी लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।