देहरादून। हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब गुरुद्वारे में शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों से वार्ता की। इस दौरान निहंग सिख समुदाय ने गिरफ्तार किए गए चारों निहंगों की रिहाई, एम्स ऋषिकेश में भर्ती निहंग से भेंट करवाने और जत्थे के हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जाने की मांग रखी है। प्रतिनिधि मंडल ने मांगों को पूरा करने के लिए उत्तराखंड सरकार को दो दिन का समय दिया है। इस दौरान निहंग सिखों का जत्था पांवटा साहिब में ही रुकेगा। जत्थे में करीब 250 लोग शामिल हैं।
शुक्रवार को सुरक्षा की दृष्टि से कुल्हाल चेक पोस्ट पर बैरिकेडिंग की गई थी। मौके पर पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स तैनाती थी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने चेक पोस्ट पर पहुंचे। करीब 12.00 बजे एडीएम वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा और पुलिस अधीक्षक देहात पंकज गैरोला निहंग सिखों के प्रतिनिधि मंडल से वार्ता करने के लिए पांवटा साहिब गुरुद्वारे में पहुंचे।
वार्ता के दौरान एएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर भी मौजूद थे। उन्होंने भी प्रतिनिधियों को समझाने का भरसक प्रयास किया। प्रतिनिधि मंडल का साफ कहना था कि वह कर्णप्रयाग में गिरफ्तार किए चारों निहंग सिखों को साथ लेकर ही वापस पंजाब जाएंगे।