हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और चमोली बना चैंपियन

Spread the love

पुरोला (उत्तरकाशी)। कमल नदी तट स्थित खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बालिका विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 वर्ग में हरिद्वार, अंडर-17 में ऊधम सिंह नगर और अंडर-14 वर्ग में चमोली की टीम चैंपियन बनीं।अंडर-19 वर्ग के फाइनल में हरिद्वार ने देहरादून को 31-23 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस वर्ग में ऊधमसिंह नगर की टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं, अंडर-17 वर्ग का फाइनल बेहद रोमांचक रहा जिसमें ऊधमसिंह नगर ने हरिद्वार को 16-15 के करीबी अंतर से पराजित कर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। इस वर्ग में देहरादून को तीसरा स्थान मिला।अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में चमोली की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए देहरादून को 28-18 से शिकस्त दी और विजेता बनी। समापन समारोह में नगर पालिका परिषद पुरोला के अध्यक्ष बिहारी लाल शाह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं बालिकाओं की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *