रुद्रप्रयाग। पुलिस की तत्परता से एक बीमार महिला तीर्थयात्री को समय पर इलाज मिल पाया। रविवार को शाहगंज, आगरा उत्तर प्रदेश से केदारनाथ दर्शनों को आई वर्षा देवी (57) पत्नी संदीप कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। महिला केदारनाथ हेलिपैड कैंटीन के समीप थी। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल सुशील थपलियाल, कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल अनुज कुमार मौके पर पहुंचे और महिला को नजदीकी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया जिसके बाद उनकी हालत में सुधार आया। उपचार के बाद पुलिस टीम ने महिला को परिजनों के साथ सुरक्षित गौरीकुंड के लिए रवाना किया।
गंभीर मरीज एयर एम्बुलेंस से एम्स रेफर: केदारनाथ में भर्ती एक गंभीर मरीज को बेहतर उपचार के लिए एयर एंबुलेंस के माध्यम से सीधे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार रिटन दास (33) विवेकानंद चिकित्सालय केदारनाथ में भर्ती थे और उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए मरीज को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की सलाह दी थी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और समय रहते एम्स ऋषिकेश भेजा गया।