देहरादून। वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले एकता विहार में चल रहा धरना रविवार को 150वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के पांच महीने पूरे होने के बावजूद सरकार की बेरुखी से नाराज अभ्यर्थी अब जान की बाजी लगाने को मजबूर हैं। ऋषिकेश निवासी प्रियंका उनियाल के आमरण अनशन का रविवार को तीसरा दिन रहा, वहीं प्रीति धीमान ने भी रविवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया है। अनशन से अभ्यर्थियों की सेहत तेजी से गिर रही है। पूर्व में अनशन पर बैठीं शिरा बंधानी और विनीता रानी की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें कोरोनेशन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। आंदोलनकारियों का तर्क है कि आठ-दस वर्षों के क्लिनिकल अनुभव के बाद परीक्षा थोपना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि जब तक वर्षवार भर्ती प्रणाली लागू नहीं होती, वे पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान अध्यक्ष नवल पुंडीर, राजेंद्र कुकरेती, प्रवेश रावत, मुकेश रमोला, विवेकानंद, सुभाष, भास्कर, सविता और राजेश आदि मौजूद रहे।