विकासनगर। क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद डाकपत्थर मेन चौक और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। तेज बारिश के चलते सड़कें पानी से लबालब हो गईं, वहीं बरसाती पानी का निकास नहीं होने के कारण एसडीआरएफ कार्यालय परिसर में भी गंदा पानी घुस गया। डाकपत्थर मेन चौक पर जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा होने से आवागमन भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल क्षेत्र में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नालियों और जलनिकासी मार्गों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। कई स्थानों पर नालियां कचरे और गाद से भरी होने के कारण पानी की निकासी ठीक से नहीं हो पा रही है। सबसे गंभीर स्थिति उस समय देखने को मिली जब बरसाती पानी एसडीआरएफ कार्यालय परिसर तक पहुंच गया। एसडीआरएफ जैसी आपदा राहत एवं बचाव एजेंसी के कार्यालय में ही पानी घुसने से क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था और मानसून से पहले की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से डाकपत्थर मेन चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों की नियमित सफाई कराने और बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी व्यवस्था को ठीक नहीं किया गया तो लगातार हो रही बारिश के बीच स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रशासन और संबंधित विभागों से लोगों ने तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।