चिन्यालीसौड़। ग्रामसभा भल्डगांव के विस्थापन एवं पुनर्वास की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को आठवें दिन भी जारी रहा। इस बीच टीएचडीसी के डीजीएम पुनर्वास राकेश थपलियाल ने बताया कि भल्डगांव से संबंधित ड्रोन सर्वे रिपोर्ट आईआईटी रुड़की से प्राप्त हो गई है। रिपोर्ट का अध्ययन किया जा रहा है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार और पटवारी धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने गांव की मौजूदा स्थिति, पूर्व में कराए गए आईआईटी, ड्रोन समेत अन्य सर्वे और लंबे समय से उठाई जा रही विस्थापन की मांग को अधिकारियों के सामने रखा। अधिकारियों ने शासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि अब केवल आश्वासन और प्रस्ताव की बातें स्वीकार नहीं होंगी। उन्होंने भल्डगांव को तत्काल सुरक्षित स्थान पर विस्थापित कर उचित पुनर्वास की मांग की। साथ ही पूर्व में कराए गए आईआईटी ड्रोन सर्वे और अन्य सर्वे रिपोर्टों को सार्वजनिक करने की मांग उठाई। आंदोलनकारी गोपीनाथ रावत ने कहा कि यदि प्रशासन ग्रामीणों को आंदोलन से उठाना चाहता है तो पहले विस्थापन और पुनर्वास का ठोस समाधान करे।
ग्रामीणों ने साफ किया कि सुरक्षित, स्थायी और सम्मानजनक पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू होने तक धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर कमल लाल, बसंतु लाल, पुरूषोत्तम, संदीप, दिनेश, आदित्य नौटियाल, शिवानंद नौटियाल, विमला देवी, नरेश प्रसाद आदि थे।