हिंदी दिवस समारोह में सम्मानित होंगी एसडीकेडी की छात्राएं

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : साहित्यिक प्रतिभा और लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली एसडीकेडी एजुकेशनल एकेडमी पदमपुर सुखरो की दो छात्राओं को प्रदेश स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। भाषायी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद सौम्या और मीनाक्षी का चयन सम्मान के लिए हुआ है।


उत्तराखंड भाषा संस्थान की ओर से वर्ष 2026 के लिए प्रदेश के विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न भाषाओं में रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें हिंदी, उर्दू, पंजाबी के साथ ही गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी जैसी लोक भाषाओं में कविता, निबंध और एकांकी लेखन की प्रविष्टियां मांगी गई थीं। कक्षा छह से आठ तक के वर्ग में एसडीकेडी की छात्रा सौम्या ने निबंध लेखन में बाजी मारते हुए प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने ‘इतना बड़ा आकाश प्रदेश में’ विषय पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं विद्यालय की छात्रा मीनाक्षी ने गढ़वाली कविता ‘नदिया तेरा बहना’ के माध्यम से राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं को 13 सितंबर को देहरादून में आयोजित हिंदी दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सम्मानित करेंगे। छात्राओं की इस सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य सुमन मैंदाला ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ साहित्य और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। बच्चों की लेखन क्षमता को निखारने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाता है। विद्यालय के प्रबंधक विमल ध्यानी ने कहा कि विद्यार्थियों के सार्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि सौम्या और मीनाक्षी की प्रदेश स्तर की उपलब्धि विद्यालय के साथ-साथ उनके अभिभावकों के लिए भी गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *